Tuesday, 11 January 2022

धर्म बनाम religion

धर्म को religion के समानांतर नहीं समझना चाहिए
धर्म का अर्थ और व्यापक है. हमारी परंपरा के अनुसार कोई भी जीव जब अपनी प्रकृतिजन्य गुणों के अनुसार कार्य करता है तब वह अपने धर्म का पालन करता है.
मनुष्य के अतिरिक्त अन्य जीव भोग योनि मे हैं अर्थात उनके लिए अपनी प्रकृति के अनुसार कर्म करना, यही धर्म है.  
मनुष्य के लिए धर्म का अर्थ कुछ अधिक है क्योंकि
मनुष्य मे विवेक बुद्धि भी होती है.
अर्थात वह यह प्रश्न करता है कि किसी भी कार्य को करने का लक्ष्य क्या होना चाहिये या फिर जीवन का क्या लक्ष्य होना चाहिए. तो मनुष्य के स्तर पर धर्म वह है जिसके पालन से मनुष्य जीवन के चरम लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है. चरम लक्ष्य क्या है?
यह यक्ष प्रश्न है.
हमारे शास्त्रों के अनुसार तत्व ज्ञान अथवा आत्म ज्ञान अथवा आत्म ज्ञान से समस्त दुःखों की अत्यंत निवृत्ति ही चरम लक्ष्य हो सकता है.
तत्व क्या है?
तत्व अर्थात ब्रह्म वह है जिसका विस्तार अथवा प्रकटीकरण यह समस्त चराचर प्रकृति है.
जब यह ज्ञान या इसका साक्षात्कार जीवन का परम लक्ष्य हो तो इसे प्राप्त करने के लिए जिस धर्म का पालन किया जाता है वह सनातन ही हो सकता है.
इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज में जो कर्म करने होंगे उनकी व्यवस्था समय अथवा स्थान के अनुसार बदलती रहती है. समय समय पर कई ज्ञानी महापुरुष इस धरती पर आए और उन्होंने कर्म व्यवस्था बनाई ,इसे सम्प्रदाय या पन्थ कहा जाना चाहिए. इसके अतिरिक्त आत्म शुद्धि या मानसिक शांति के लिए भिन्न भिन्न प्रकार की उपासना पद्धति हो सकती है जैसे शैव, वैष्णव, शाक्त, गाणपत्य, बौद्ध, जैन, इसाई, इस्लाम यहां तक कि नास्तिक, विज्ञान को मानने वाले या अन्य कोई भी. किंतु सबका लक्ष्य तो आत्मसाक्षात्कार ही है.
यह बात सभी को सामान्य रूप से ग्रहण नहीं हो सकती,  इसलिए सामाजिक व्यवस्था को आधार देने के लिए पाप ,पुन्य, स्वर्ग, नरक और पुरस्कार या दण्ड देने वाले एक सर्वशक्तिमान , निर्माता एवं नियंता ईश्वर की अवधारणा की गई और अलग अलग पन्थ को मानने वाले लोगों ने उसे अलग अलग नाम दिए.
इसलिए सनातन ही एकमात्र धर्म है क्योंकि वह सृष्टि के ज्ञान का साक्षात दर्शन है. और इसके अनुसार समस्त संसार और उसके समस्त प्राणी एक ही तत्व की अभिव्यक्ति है . इससे अधिक व्यापक एवं मुक्त करनेवाला और क्या विचार हो सकता है?
यह समझ लेने के बाद कोई भी पन्थ एक दूसरे के विरूद्ध नहीं हो सकता, और सनातन धर्म के विरुद्ध तो बिल्कुल नहीं.

No comments:

Post a Comment